दि सहारनपुर वॉइस/न्यूज़ 7
सच्चाई के साथ हरदम
👉🏾👉🏾 मिर्जापुर पुलिस का नशा तस्करों पर करारा प्रहार, 35 ग्राम अवैध स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
👉🏾👉🏾 “ऑपरेशन सवेरा” के तहत बड़ी कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले से भी दर्ज हैं एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे
सहारनपुर। जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशे की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस ने एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम 29 सितंबर 2026 को सुबह करीब 6:30 बजे गश्त एवं चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान असगरपुर से स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग पर कॉलेज से पहले मोड़ के पास पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसकी पहचान तारिफ पुत्र सत्तार, निवासी ग्राम असगरपुर, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में बताई है।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना मिर्जापुर में मु0अ0सं0 313/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक्स की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।