उमंग, उत्साह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभागीय प्रदर्शनी से सजा रहा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने किया ध्वजारोहण
स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां
किसान स्वाभिमान पर्व के तहत विजेता किसानों को किए गए पुरुस्कार वितरित
मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछडा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त धुमन्तु और अर्धघुमन्तु कल्याण विभाग श्रीमती कृष्णा गौर ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मध्यप्रदेश गान, राष्ट्रगान तथा विभागीय प्रदर्शनियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस अवसर पर किसान स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेता किसानों को भी पुरस्कार वितरित किए गए। ध्वजारोहण के उपरांत मध्यप्रदेश गान का सभी ने श्रवण किया।
मध्यप्रदेश हमारा मान, सम्मान और स्वाभिमान, प्रदेश के समृद्ध भविष्य के लिए सभी नागरिक अपनी भूमिका निभाएं : राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मध्यप्रदेश हमारा मान, सम्मान और स्वाभिमान है। हमें गर्व है कि आज मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश का गौरवशाली इतिहास रहा है और आज हम इसका वैभवशाली वर्तमान भी देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रदेश के उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य के लिए संकल्प लें कि एक आदर्श नागरिक के रूप में मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। यहां की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर योगदान देना चाहिए। स्थापना दिवस का आयोजन प्रदेश की माटी के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को प्रबल करने का अवसर है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम के विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश की विशेषताओं पर आधारित प्रस्तुति दी। सेमेरिटंस हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोकनृत्य घूमर की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित प्रस्तुति दी। माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं ने लोकनृत्य के माध्यम से मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।
प्रस्तुतियों का उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डीपीसी श्री राजेश जायसवाल ने किया।
विभागीय प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों एवं गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गईं। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने प्रत्येक प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा जिले के विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
किसान स्वाभिमान पर्व के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर किसान स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेता किसानों को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वीरेंद्र लोवंशी को ट्रैक्टर, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले राममूर्ति चौधरी को बुलेट तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले नवीन शुक्ला को ई-स्कूटी प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किसानों के लिए उपयोगी एवं आकर्षक पुरस्कार एक साथ प्रदान किए गए हैं। इस आयोजन में नर्मदापुरम जिले के किसानों को भी पुरस्कृत किया गया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति शुक्ला, मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष श्री पीयूष शर्मा, सदस्य दूरसंचार समिति भारत सरकार श्री विकास नारोलिया, डीआईजी श्री वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ, सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, एडिशनल एसपी श्री अभिषेक राजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Home Department of Madhya Pradesh Department of Culture, Madhya Pradesh