*शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न*
--
*शास्त्रीय एवं लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध*
इंदौर, 08 अक्टूबर 2026
शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) एवं ‘विकसित भारत @ 2047’ के अंतर्गत अखिल भारतीय शिक्षा समागम की थीम “एनईपी—शिक्षा से विकसित भारत” पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं विभिन्न लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर भारतीय कला एवं संस्कृति के विविध रंगों को साकार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मां कनकेश्वरी महाविद्यालय, इंदौर के प्राचार्य डॉ. संजय सोनी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा एक के बाद एक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
छात्राओं तनवी खोंडे, शांभवी खरे एवं मानसी नागर ने भक्तिभाव से परिपूर्ण ‘शिव स्तुति’ नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक भाव से भर दिया। शास्त्रीय गायन में वैदही जैन ने अपनी सुरीली तानों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। हर्षिता जारिया, पायल यादव, प्रगति शाह एवं ध्यानी शाह ने प्रसिद्ध ठुमरी “सब बन ठन आई श्यामा प्यारी रे” पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर बृज संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी।
लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों में जानवी श्रोत्रिय ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जबकि झनकार गोले एवं संगीता कोरी ने बुंदेली लोकगीत प्रस्तुत कर लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत से दर्शकों को परिचित कराया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर चेतना जाधम, मानसी नागर, शांभवी खरे, गुंजन चांडक एवं मिताली कश्यप ने गरबा लोक नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार को उत्सव और उल्लास के रंग में सराबोर कर दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. संजय सोनी ने छात्राओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कला एवं संस्कृति से जुड़ाव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कला एवं शिक्षा के समन्वय को रेखांकित किया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी, एनईपी प्रभारी डॉ. मनीषा जोशी एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. देवेंद्र कुमरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन डॉ. योगिता मंडलिक ने किया। अंत में प्रो. सादिक खान ने आभार व्यक्त किया।
आयोजन में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने छात्राओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय शास्त्रीय एवं लोक संस्कृति की समृद्ध परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
#JansamparkMP
#indore
#इंदौर
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Indore, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026