अजमेर में बंद मकान में चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
अजमेर। कृष्णागंज थाना पुलिस ने बंद मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त वाहन, दो गैस सिलेंडर और ताला तोड़ने के सरिए बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को वैशाली नगर स्थित छतरी योजना के एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। चोर मकान से वॉशिंग मशीन, टीवी, गैस चूल्हा, दो गैस सिलेंडर, करीब 500 ग्राम चांदी, 1 लाख 51 हजार 500 रुपए नकद, बर्तन, कपड़े और अन्य सामान ले गए थे।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। कार्रवाई के दौरान सुनील उर्फ सुन्या (22), सूरज उर्फ गुज्जा (27) और रमन उर्फ टांटिया (26) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और ताला तोड़ने के सरिए भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 26, 2026