औरैया जिला अस्पताल में मरीजों को वितरित किया गया निःशुल्क जलपान, समाजसेवी संगठन ने पेश की मानव सेवा की मिसाल
औरैया। समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति (रजि.), औरैया की ओर से रविवार, 29 नवंबर 2026 को 50 शैय्या जिला अस्पताल, औरैया में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को निःशुल्क खाद्य सामग्री वितरित की गई।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) एवं कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. शिवकुमार सोनी के नेतृत्व में अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों और तीमारदारों को दूध, ब्रेड, चाय, बिस्कुट एवं नमकीन का वितरण किया गया। इस दौरान मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई। अभियान के तहत सफाई कर्मियों को भी खाद्य सामग्री वितरित की गई।
समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि इस अनोखी पहल की शुरुआत 1 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर की गई थी। इसके तहत अस्पताल में भर्ती महिला, पुरुष एवं बच्चों को उनकी आवश्यकतानुसार दूध, चाय, ब्रेड, बिस्कुट और फल आदि उपलब्ध कराए जाते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. शिवकुमार सोनी ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों की सेवा करने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना से मन को अपार आनंद मिलता है। वहीं समिति के संस्थापक ने कहा कि मानव सेवा ही जीवन का सर्वोत्तम कार्य है। उन्होंने बताया कि यह सेवा अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर प्रमुख समाजसेविका मंजू गुप्ता, बैंक से सेवानिवृत्त तेज बहादुर वर्मा, राम आसरे गुप्ता, समाजसेवी एल.एन. गुप्ता, शिखर बिश्नोई (लव), रामचंद्र सोनी, राजीव पोरवाल (रानू), आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।