महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर जोर, 4 जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
जहानाबाद : मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में छूटे हुए योग्य नागरिकों, विशेषकर महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 12 नवंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए दावा-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके निष्पादन के बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 8,13,818 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 4,31,049 पुरुष, 3,82,760 महिला और नौ अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का वर्तमान मतदाता लिंगानुपात 888 है, जबकि जनगणना 2011 के अनुसार जनसंख्या लिंगानुपात 922 है।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 12, 2026