*बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार की पूर्ण संवेदनशीलता एवं संवेदनाएं : मा0 मुख्यमंत्री जी*
*बाढ़ की समस्या के समाधान हेतु गंगा की ड्रेजिंग एवं तटबंध के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेषित किया जाएगा प्रस्ताव*
*बाढ़ से प्रभावित होने वाली फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए शीघ्र ही संबंधित कृषकों को मिलेगा फसल बीमा योजना का लाभ*
*लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण करेगा जनपद को बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के साथ जोड़ने का कार्य*
*स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के सहयोग से बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने का किया कार्य*
*मा0 मुख्यमंत्री जी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का लिया जायजा*
मुख्यमंत्री जी द्वारा 1000 परिवारों को राहत सामग्री किट, आश्रयहीन 31 परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र एवं 01 लाख 20 हजार रुपए की धनराशि के गृह अनुदान राशि प्रमाण पत्र प्रतीकात्मक रूप से प्रदान किए गए*
जिला संवाददाता
फर्रुखाबाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री योगी आदित्यनाथ जी के कर-कमलों द्वारा जनपद फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण, बाढ़ में आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास हेतु भूमि आवंटन प्रमाण पत्र एवं आपदा मोचक निधि से राहत राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाईन, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में प्रशासक जिला पंचायत फर्रुखाबाद श्रीमती मोनिका यादव, सांसद फर्रुखाबाद श्री मुकेश राजपूत, सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, मा0 विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य, मा0 विधायक भोजपुर श्री नागेन्द्र सिंह राठौर एवं मा0 विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि, जिला अध्यक्ष भाजपा श्री फतेह चंद्र वर्मा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जनपद आगमन पर मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा सर्वप्रथम बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया गया, इसके उपरांत कार्यक्रम में उपस्थित होकर 1000 लाभार्थी परिवारों को उनके स्थान पर जाकर प्रतीकात्मक रूप से बाढ़ राहत सामग्री किट का वितरण किया गया, जिससे वह पुनर्वास होने तक अपने जीवन को सुरक्षा के साथ सुचारू रूप से संचालित कर सकें।इसके पश्चात मंच पर आसीन मुख्य अतिथि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा आश्रयहीन 31 परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र एवं 01 लाख 20 हजार रुपए की धनराशि के गृह अनुदान राशि प्रमाण पत्र प्रतीकात्मक रूप से प्रदान किए गए।कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री योगी आदित्यनाथ जी ने बाबा नीम करौली की पावन धरा, जिसे मां गंगा का सानिध्य प्राप्त हुआ, ऐसे फर्रुखाबाद को नमन करते हुए कहा कि आज फर्रुखाबाद की तीनों तहसीलों (सदर, कायमगंज एवं अमृतपुर) का निरीक्षण करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि 102 गांव में बाढ़ की इस विभीषिका से जूझने के लिए मजबूर जनता के साथ सरकार की पूरी संवेदनशीलता एवं संवेदनाएं हैं, आपदा की इस घड़ी में आप सभी अकेले नहीं है सरकार आपके साथ सदैव तत्परता के साथ खड़ी हुई है। सरकार आपकी जरूरत के लिए प्रत्येक सहायता आप तक पहुंचाने का कार्य करेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधि पिछले 15 दिवस से राहत कार्यों को लगातार तेजी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। एक ओर सरकार की संवेदना पीड़ितों के प्रति है और दूसरी ओर बाढ़ राहत कार्य के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम, बाढ़ चौकियां, राहत शिविर और जिन गांवों में बाढ़ का पानी घरों के अंदर भर गया है, वहां पर उन सभी प्रभावित परिवारों के लिए शासन ने राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की है। राहत सामग्री किट 50 किलोग्राम की है, जिसमें 10 किलोग्राम चावल, 10 किलोग्राम आटा, 10 किलोग्राम आलू, 02 किलोग्राम अरहर की दाल, चना, लाई, तेल, मसाले, बाल्टी, बरसादी एवं डिग्निटी किट सहित अन्य आवश्यक सामग्रियां सम्मिलित हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के सहयोग से बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचने का कार्य किया। पहली बार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शिविर के माध्यम से शिक्षकों द्वारा शिक्षा प्रदान की जा रही है, चिकित्सकों द्वारा उपचार प्रदान किया जा रहा है तथा पशु चिकित्सकों द्वारा पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि समय के अनुरूप मां गंगा उथली हुई हैं। नदी जब भी उथली होगी तो उसके पानी का फैलाव भी होगा, जिससे अन्नदाताओं की फसलों का नुकसान होता है। बाढ़ का एकमात्र समाधान पूरे जनपद क्षेत्र में गंगा नदी की ड्रेजिंग कर उसके जल के प्रभाव को व्यवस्थित किया जाए और ड्रेजिंग के दौरान नदी से निकलने वाली सिल्ट का प्रयोग तटबंध के निर्माण में किया जाए, इस हेतु जिला प्रशासन से शीघ्र ही प्रस्ताव तैयार कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आख्या मांगी गई है, इसके साथ ही जिला प्रशासन जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आप सभी की सेवा के लिए तैयार है। सरकार द्वारा बाढ़ की समस्या का स्थाई समाधान निकलने का कार्य किया जा रहा है जिससे फर्रुखाबाद को बाढ़ जैसी आपदा से मुक्त कराया जा सके।उन्होंने कहा कि जनपद फर्रुखाबाद में लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण होने जा रहा है, जो जनपद को बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के साथ जोड़ने का कार्य करेगा, जिसके फलस्वरुप फर्रुखाबाद जंक्शन बनने के पश्चात फर्रुखाबाद के पास भी अपना एक एक्सप्रेस वे होगा, जनपद की कनेक्टिविटी के लिए प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मांगे गए हैं। फर्रुखाबाद खेती किसानी का बेल्ट है, जिसके दृष्टिगत सरकार द्वारा आलू की खेती करने वाले किसानों के कल्याण के लिए मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पेरू देश की सहायता से आगरा में आलू का अंतरराष्ट्रीय केंद्र स्वीकृत किया गया है, जिस पर कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही बाढ़ से प्रभावित होने वाली फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए शीघ्र ही संबंधित कृषकों को फसल बीमा योजना के लाभ से आच्छादित किया जाएगा।
इसके उपरांत सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद फर्रुखाबाद में बाढ़ की समस्या का एकमात्र निदान तटबंध का निर्माण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने फर्रुखाबाद जनपद सहित प्रदेश के सभी आलू किसानों को भाड़े में ₹100 कुंतल की सब्सिडी प्रदान की है, जिसके लिए मैं संपूर्ण प्रदेश की ओर से मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद एवं साधुवाद ज्ञापित करता हूं।कार्यक्रम में विधायक भोजपुर श्री नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि आज मुख्यमंत्री जी ने बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए और बाढ़ पीड़ितों से मिलकर जो उन्हें संबल देने का कार्य किया है, वह इस बात का साक्षात प्रमाण है कि मा0 मुख्यमंत्री जी प्रत्येक गरीब एवं दुखी व्यक्ति के साथ खड़े हैं।
कार्यक्रम में विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि ने अपने संबोधन में कहा कि यह बाढ़ हमारे लिए एक प्राकृतिक आपदा नहीं है बल्कि हमारे किसानों के महीनों की मेहनत पर संकट है। जब खेतों में खड़ी हुई फसलों में बाढ़ का पानी भरता है, तो उसके साथ किसने की उम्मीदें भी टूटती हैं। आज इस मंच से मैं बहुत-बहुत आभार व्यक्त करती हूं कि सरकार एवं जिला प्रशासन सभी बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े हुए हैं। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी बाढ़ पीड़ितों तक बाढ़ राहत सामग्री को पहुंचा, जिसके फलस्वरुप एक भी बच्चा इस आपदा की स्थिति में भोजन, शिक्षा एवं चिकित्सा उपचार से वंचित नहीं रहा, इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारी धन्यवाद के पात्र हैं।
इस अवसर पर सदर विधायक श्री सुनील दत्त द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में जब भी बाढ़ आती है, तो मुख्यमंत्री का यही चिंतन रहता है, कि विस्थापित परिवारों को राहत कैसे पहुंचाई जाए एवं जिला प्रशासन की ओर से उन्हें किस प्रकार राहत राशि एवं आवासीय पट्टों का आवंटन किया जाए। उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री जी से बाढ़ पीड़ितों के लिए बाढ़ की समस्या से राहत हेतु पांचाल घाट गंगा जी के केंद्र से 40 किलोमीटर बाएं कंपिल तक एवं 40 से 50 किलोमीटर दाएं कमालगंज तक एक तटबंध बनाने की मांग की।
कार्यक्रम में उपस्थित मा0 अमृतपुर विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज हमारे लिए अत्यधिक सौभाग्य का विषय है कि हम लोगों की इस दुखद घड़ी में पूरे प्रदेश के मुखिया आज हमारे कंधे पर हाथ रखने आए हैं, हमें सांत्वना प्रदान करने आए हैं एवं हमारा उत्साहवर्धन करने आए हैं। बाढ़ पीड़ित क्षेत्र की जनता की मांग है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिवर्ष आने वाली आपदा से राहत हेतु गंगा नदी की ड्रेसिंग एवं गंगा के किनारे तटबंध का निर्माण कार्य कराया जाए। बाढ़ के समय बिजली एवं पानी की समस्या के निदान हेतु सोलर प्लांट लगाया जाए जिससे बाढ़ पीड़ित लोगों को आपदा से राहत प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से मा0 सांसद श्री मुकेश राजपूत एवं मा0 जिला अध्यक्ष भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद्र वर्मा द्वारा मा0 मुख्यमंत्री जी को महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्वागत स्वरुप भेंट की गई।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनंद उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी, पार्टी प्रतिनिधि एवं विशाल जन समूह उपस्थित रहा।