भवन निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद, मध्य विद्यालय विशुनपुर के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
आमस (गयाजी): आमस प्रखंड के बड़की चिलमी पंचायत अंतर्गत विशुनपुर गांव स्थित मध्य विद्यालय विशुनपुर टू का भवन एनएच-19 चौड़ीकरण के कारण तोड़ा जा रहा है। नए भवन निर्माण को लेकर ग्रामीण दो गुटों में बंट गए हैं, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
क्या है विवाद:
एक पक्ष का कहना है कि विद्यालय का निर्माण उसी मौजा में होना चाहिए जहां पहले से है। वहीं दूसरे पक्ष के आनंद, अरुण, कमता, रीता देवी, वीरेंद्र प्रसाद, धनंजय, अभिमन्यु और अभिषेक सहित कई ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय पहले से एनएच-19 के दक्षिणी तरफ स्थित है, तो नया भवन भी सड़क के दक्षिण तरफ ही बनना चाहिए।
ग्रामीणों का तर्क है कि इस विद्यालय में 90 प्रतिशत से अधिक बच्चे सड़क के दक्षिणी क्षेत्र के ही हैं। दक्षिण तरफ भवन निर्माण के लिए जमीन भी उपलब्ध है।
सुरक्षा पर सवाल:
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि विद्यालय का निर्माण एनएच के उत्तर तरफ किया गया तो प्रतिदिन सैकड़ों बच्चों को अति व्यस्त नेशनल हाईवे पार कर स्कूल जाना पड़ेगा, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहेगा।
विवाद के कारण भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से हस्तक्षेप कर बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए उचित स्थान पर भवन निर्माण कराने की मांग की है।