*उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के भ्रमण को लेकर प्रशासन अलर्ट*
*हेलीपैड, वीवीआईपी रूट और होटल बालाजी प्रकाश का अधिकारियों ने किया निरीक्षण*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश* शुक्रवार, 07 अगस्त 2026*
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बस्ती के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने हेलीपैड स्थल, वीवीआईपी रूट तथा कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियों का जायजा लिया।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान *मुख्य राजस्व अधिकारी/अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी वित्त-राजस्व ज्ञानचंद गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ,
उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न* सहित संबंधित विभागों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने सबसे पहले हेलीपैड के निर्माण व सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। इसके बाद वीवीआईपी के आगमन हेतु निर्धारित रूट पर यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधों को परखा। टीम ने *होटल बालाजी प्रकाश* पहुंचकर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, लाउडस्पीकर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाओं की गहनता से समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो और समय रहते सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएँ। साथ ही रूट डायवर्जन, आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस/मेडिकल टीम एवं भीड़ नियंत्रण हेतु पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि उप मुख्यमंत्री का यह भ्रमण जिले के लिए महत्वपूर्ण है, इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।
Kirti Prakash Bharti
संवाददाता: हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 7, 2026