खाटू श्याम के विशाल जागरण में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
भजन गायकों ने भजनों की अमृतवर्षा से बांधा समां, देर रात तक झूमते रहे श्याम भक्त
रामगढ क्षेत्र के चिड़वाई गांव में राम मंदिर के पास धर्मकांटा के समीप श्री श्याम बिहारी मित्र मंडल चिड़वाई एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से बाबा खाटू श्याम का विशाल जागरण आयोजित किया गया। जागरण को लेकर बाबा श्याम का भव्य दरबार विभिन्न प्रकार के फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्याम भक्त और श्रद्धालु पहुंचे।
जागरण में भजन गायक मोहन राघुवंशी अलवर, अंजलि वृंदावन और राजू पंडित गोरखपुर ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन सम्राट मोहन राघुवंशी ने बाबा के मंगलाचरण के साथ संकीर्तन की शुरुआत की। इसके बाद एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति से पूरा पंडाल श्याममय हो गया।
भजन गायकों ने “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे”, “लेने आजा खाटू वाले रींगस के उस मोड़ पर”, “छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना” और “तू कृपा कर बाबा, कीर्तन करवाऊंगा” सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जागरण का शुभारंभ रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह गोविंदगढ़, पंचायत समिति गोविंदगढ़ की प्रधान शानो बाई तथा ग्राम पंचायत चिड़वाई के प्रशासक सुरेश चंद्र ने किया। अतिथियों ने बाबा श्याम के दरबार में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम अपने भक्तों पर सदैव कृपा बरसाते हैं। सच्चे मन से बाबा को याद करने वाले भक्तों की मनोकामना बाबा अवश्य पूरी करते हैं।
जागरण स्थल पर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। पूरा पंडाल बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम बिहारी मित्र मंडल के सदस्यों एवं ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर श्री श्याम बिहारी मित्र मंडल चिड़वाई के अध्यक्ष राजेश गलगट, अंकुश गड़ाई, सुनील मजोका, रिंकू गलगट, कुलदीप गुंदली, मोनू गड़ाई, सागर जोधा सहित आसपास के मंडलों के श्याम भक्त और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Alwar, Alwar | Sep 15, 2026