चित्रकूट: दुर्गा पंडाल में दर्शन करने गए 14 वर्षीय किशोर की मौत, हैंडपंप का पानी पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
मऊ थाना क्षेत्र के बेल्हौरा गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
चित्रकूट। जनपद के मऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेल्हौरा में दुर्गा प्रतिमा दर्शन करने गए करीब 13-14 वर्षीय किशोर रघुवीर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पंडाल के पास स्थित हैंडपंप का पानी पीने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात रघुवीर अपने साथी रामहित के साथ दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने पंडाल में गया था। प्यास लगने पर रघुवीर ने पास में लगे हैंडपंप से पानी पिया। कुछ देर बाद उसके पेट में तेज दर्द होने लगा और वह वहीं बैठ गया। इसके बाद जब वह आगे बढ़ा तो रास्ते में गिर पड़ा। उसके साथी रामहित ने उसे संभाला और परिजनों को सूचना दी। इस दौरान रघुवीर को उल्टियां भी हुईं।
परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रघुवीर के पिता दिलीप ने अपने पुत्र की मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का पक्ष: पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु के कारणों के संबंध में तथ्य स्पष्ट होने के बाद उसी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल किशोर की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।