समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 09 जुलाई 2026
नगर एवं आवास विभाग की योजनाओं हेतु भूमि उपलब्धता की समीक्षा, जिला पदाधिकारी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
आज दिनांक 09 जुलाई, 2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता एवं हस्तांतरण से संबंधित समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में नगर निकायों के अंतर्गत प्रस्तावित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अवसंरचना, पार्क, सामुदायिक सुविधाओं तथा अन्य शहरी विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता, भूमि हस्तांतरण एवं लंबित प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अंचल अधिकारियों, कार्यपालक पदाधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर उसकी अभिलेखीय एवं विधिक स्थिति का सत्यापन सुनिश्चित करें। जिन मामलों में भूमि हस्तांतरण अथवा अन्य विभागीय औपचारिकताएँ लंबित हैं, उनका समयबद्ध निष्पादन करते हुए प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।
बैठक के दौरान विशेष रूप से मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निष्पादन, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ एवं सतत शहरी विकास के लिए MRF जैसी आधारभूत परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नगर विकास एवं आवास विभाग की अन्य प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए भी भूमि उपलब्धता से संबंधित सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं का लाभ नागरिकों को समय पर मिल सके।
बैठक में अपर समाहर्ता बक्सर, भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर/डुमरांव, सभी संबंधित अंचल अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxar #buxarjila #bihar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jul 9, 2026