वार्ड 20 व 22 में 4.54 लाख से होगा गलियों व नालियों का निर्माण, विधायक ने किया शिलान्यास
मॉर्डन कॉलोनी में डलेगी अंडरग्राउंड पाइप लाइन, वार्ड 22 में गलियों और नालियों की बदलेगी सूरत
यमुनानगर। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी क्रम में वीरवार को विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने वार्ड नंबर 20 और 22 में करीब 44 लाख 54 हजार रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नारियल फोड़कर निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सबसे पहले विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने वार्ड नंबर 20 में पार्षद विक्रम राणा व भाजपा जगदीश बब्बर के साथ मॉर्डन कॉलोनी में 10 लाख 93 हजार रुपये की लागत से बनने वाली गली तथा जल निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया। क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से इस कार्य की मांग की हुई थी। कार्य पूरा होने के बाद लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा। इसके उपरांत विधायक ने वार्ड नंबर 22 में पार्षद रूचि शर्मा व भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम राणा के साथ 33 लाख 61 हजार रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न गलियों और नालियों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि शहर की किसी भी कॉलोनी या मोहल्ले को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त मांगों और लोगों की आवश्यकताओं के आधार पर विकास योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा किया जाए। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फोटो कैप्शन -
विकास कार्याें का शिलान्यास करते विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व अन्य।