अलीगढ़: छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोपी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, गोंडा पुलिस ने दबोचा
गोंडा (अलीगढ़)। थाना गोंडा पुलिस ने छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर उसके गांव के पास से दबोचा। आरोपी पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला
थाना गोंडा क्षेत्र के नगला बिरखू निवासी रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि आरोपी दीपू पुत्र रामप्रकाश ने उनकी पत्नी रचना देवी के साथ छेड़छाड़ की और पीछा किया। जब वादी ने इसकी शिकायत आरोपी के भाइयों से की, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें गाड़ी से कुचलने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने धारा 74, 78, 333, 352, 351(3) बीएनएस और बाद में धारा 64 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर मिली कामयाबी
थाना गोंडा पुलिस टीम वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी दीपू नगला बिरखू मैन सड़क से कच्चे रास्ते पर खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर समय करीब 19:10 बजे हिरासत में ले लिया। आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
आरोपी का लंबा है आपराधिक इतिहास
पकड़ा गया आरोपी दीपू कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ थाना गोंडा और खैर में लूट, मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 8 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
Koil, Aligarh | Jul 3, 2026