सोलन: 86 वर्षीय बुजुर्ग की पानी की सप्लाई बंद, बोले- अब पीने के पानी के लिए कहां जाऊं?
बोहली क्षेत्र के बसौण गांव के मौजी राम ने सुनाई आपबीती, दो बेटों पर देखभाल नहीं करने का लगाया आरोप, सरकार और प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
सोलन, 19 नवंबर। कसौली विधानसभा क्षेत्र के बोहली के बसौण गांव में रहने वाले 86 वर्षीय बुजुर्ग मौजी राम की पीड़ा ने एक बार फिर बुजुर्गों की देखभाल और सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुजुर्ग का आरोप है कि जल शक्ति विभाग की ओर से उनके घर की पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। ऐसे में अब उनके सामने पीने के पानी तक का संकट खड़ा हो गया है।
मौजी राम ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उनके दो बेटे हैं और उनके पास करीब 26 बीघा जमीन थी, जिसे वह अपने बेटों के नाम बांट चुके हैं। इसके बावजूद आज वह अपने घर में अकेले रहने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि दोनों बेटे अब उनकी देखभाल नहीं कर रहे हैं और घर में उनके लिए रोटी बनाने वाला तक कोई नहीं है।
86 वर्ष की उम्र में भी मौजी राम अपने गुजारे के लिए लहसुन की खेती और अन्य फसलें उगा रहे हैं। उन्होंने एक गाय भी पाल रखी है, लेकिन अब पानी की सप्लाई बंद होने से उनकी और उनकी गाय की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
अपनी पीड़ा बयां करते हुए बुजुर्ग भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि अब तो पानी की भी छुट्टी कर दी गई है। आखिर वह पीने के लिए पानी कहां से लाएं और उनकी गाय प्यासी रह जाएगी तो उसका क्या होगा?
मौजी राम ने बताया कि वह अपनी समस्या लेकर कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी से मिलने उनके सुल्तानपुर स्थित आवास पर भी गए थे, लेकिन उस समय विधायक से मुलाकात नहीं हो पाई। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि विधायक उनकी समस्या को जरूर समझेंगे और उन्हें न्याय दिलाने में मदद करेंगे।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 86 वर्षीय बुजुर्ग की इस समस्या पर प्रशासन और जल शक्ति विभाग कब संज्ञान लेगा? आखिर उम्र के इस पड़ाव पर अकेले जीवन गुजार रहे बुजुर्ग को पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी क्यों परेशान होना पड़ रहा है?
अब देखना होगा कि सरकार, प्रशासन और जल शक्ति विभाग मौजी राम की सुध कब लेते हैं और उनके घर की पानी की सप्लाई कब बहाल होती है।
Solan, Solan | Nov 19, 2026