चित्रकूट में कांग्रेस पार्टी ने चुनाव व्यवस्था और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के देशव्यापी आह्वान और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में करवरिया लॉज से विशाल विरोध जुलूस निकाला गया।
हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए काली देवी चौराहा, बस स्टैंड, धनुष चौराहा और पटेल तिराहा पहुंचे, जिसके बाद तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता बहाल करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व महासचिव कुंवर पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं जिला उपाध्यक्ष रंजना बराती लाल पांडेय ने भाजपा सरकार पर चुनाव में वोट चोरी के आरोप लगाए और कहा कि इसके विरोध में सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रहेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।
Karwi, Chitrakoot | Sep 28, 2026