चित्रकूट में संविदा एएनएम कर्मचारियों ने स्थायीकरण और समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर आवाज बुलंद की है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य एनएचएम एएनएम कर्मचारी यूनियन के बैनर तले संविदा एएनएम कर्मचारियों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
एएनएम कर्मचारियों का कहना है कि वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कई वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कोरोना महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने लगातार अपनी सेवाएं दीं।
कर्मचारियों का आरोप है कि कई एएनएम 10 साल से ज्यादा समय से संविदा पर काम कर रही हैं, लेकिन अभी तक स्थायीकरण को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
ज्ञापन के जरिए संविदा एएनएम को स्थायी करने, नियुक्ति की तारीख से स्थायीकरण तक समान काम के लिए समान वेतन के आधार पर बकाया वेतन और भत्ते देने की मांग की गई है।
इसके साथ ही टीवीआई, अनमोल एचआरपी, फाइलेरिया और पोलियो से जुड़े लंबित भुगतानों का जल्द निस्तारण करने की भी मांग उठाई गई।
वहीं, लखनऊ में चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए एएनएम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वह आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे