आबकारी विभाग में वसूली का खेल...ठेकेदार ने मीडिया को सौंपे डीईओ और एडीईओ के ऑडियो👇
मुरैना आबकारी विभाग से जुड़े चार कथित ऑडियो और एक वीडियो सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि इनमें शराब ठेकेदार और जिला आबकारी अधिकारी (डीईओ) और सहायक जिला आबकारी अधिकारियों (एडीईओ) के बीच शराब की सप्लाई, महीना, स्टॉक जारी करने और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत रिकॉर्ड है।
शराब ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि समय पर स्टॉक उपलब्ध कराने के बदले उससे हर महीने रिश्वत मांगी जा रही थी। हालांकि Hello morena इन ऑडियो-वीडियो की पुष्टि नहीं करता। विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
मुरैना शहर के नैनागढ़ रोड और इस्लामपुरा स्थित दो लाइसेंसी शराब दुकानों के ठेकेदार रामवीर सिंह गुर्जर ने जिला आबकारी अधिकारी पारस गौतम और सहायक जिला आबकारी अधिकारी निधि गुप्ता पर आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि समय पर शराब का स्टॉक जारी कराने के बदले उनसे हर महीने रिश्वत मांगी जा रही थी। आरोप है कि भुगतान नहीं होने पर इंडेंट (मांग-पत्र) देने के बावजूद समय पर माल जारी नहीं किया गया, जिससे बिक्री प्रभावित हुई और आर्थिक नुकसान हुआ।