राष्ट्रपति द्वारा एकलव्य झिरन्या की अत्याधुनिक स्पेस लैब का लोकार्पण
________________
जनजातीय विद्यार्थियों को मिलेगा अंतरिक्ष विज्ञान व आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान
________________
खरगोन जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
________________
खरगोन 04 जून 2026। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, झिरन्या में स्थापित अत्याधुनिक स्पेस लैब का लोकार्पण 03 जून 2026 को भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। यह कार्यक्रम जनजातीय विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
यह स्पेस लैब जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा bharatpetroleum.com की सीएसआर पहल के अंतर्गत देश के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में स्थापित की गई हैं, जिनमें मध्य प्रदेश के 10 विद्यालय शामिल हैं। खरगोन जिले में इस प्रकार की अत्याधुनिक स्पेस लैब की स्थापना को विद्यार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रेखा रानी चौहान ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह स्पेस लैब जनजातीय विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान, रोबोटिक्स एवं आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करेगी, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना विकसित होगी।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की आधुनिक वैज्ञानिक सुविधाएं उपलब्ध होना जिले के लिए गौरव का विषय है। यह पहल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगी।
#JansamparkMP #khargone