🚨हरितालिका तीज उत्सव को सरकारी स्तर पर और भव्य बनाया जाएगा: CM धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गोर्खाली समाज की माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और हरितालिका तीज उत्सव को सरकारी स्तर पर और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरितालिका तीज माता पार्वती की तपस्या, विश्वास और शक्ति का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में गोर्खाली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। गोर्खा समाज अपनी वीरता, मेहनत, निष्ठा और राष्ट्रभक्ति के लिए जाना जाता है। शिक्षा, खेल, कला-साहित्य और समाज सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों ने प्रदेश के विकास में योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने अमर शहीद कप्तान दल बहादुर थापा की स्मृति में बनने वाले ‘आजाद हिन्द फौज शहीद द्वार’ का भी उल्लेख किया और कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों को गोर्खा वीरों के त्याग और बलिदान से परिचित कराएगा।
महिला सशक्तीकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, समान नागरिक संहिता और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आचार्य बालकृष्ण, गीता पुष्कर धामी, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Dehradun, Dehradun | Sep 6, 2026