उदयपुर। धानमंडी थाना पुलिस ने फ्लैट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 वर्षों से फरार चल रहे पति-पत्नी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।
थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीमुद्दीन पुत्र ताहिर अली बोहरा तथा उसकी पत्नी शमीमा बोहरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हकीमुद्दीन हाथीपोल थाने के चार स्थाई वारंटों में तथा शमीमा दो स्थाई वारंटों में वांछित थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने दोनों को महाराष्ट्र के नेरल क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मामला वर्ष 2011 का है। परिवादी इरशाद अली ने इस्तगासे के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई थी कि गुलाबेश्वर मार्ग स्थित एक बहुमंजिला आवासीय भवन के ग्राउंड फ्लोर पर बने फ्लैट नंबर-1 का सौदा आरोपियों ने 10 लाख रुपए में किया था।
शिकायत के अनुसार सौदे के तहत परिवादी ने पहले 2 लाख रुपए दिए। बाद में आरोपियों ने फ्लैट के मूल दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति के पास होने का हवाला देते हुए उन्हें छुड़ाने के लिए 4 लाख रुपए और ले लिए गए।
आरोप है कि कुल 6 लाख रुपए लेने के बावजूद आरोपियों ने फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं करवाई। कुछ समय बाद दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और फ्लैट पर भी ताला लगाकर फरार हो गए।
करीब 15 वर्षों तक फरार रहने के बाद धानमंडी थाना पुलिस ने तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। #PalPalRajasthan #PalPalNewsRajasthan #UdaipurNews #Udaipur #RajasthanNews #UdaipurPolice #DhanmandiPolice #CrimeNews #FraudCase #CheatingCase #PropertyFraud #FlatFraud #UdaipurCrime #RajasthanCrime #PoliceAction #Arrested #Maharashtra #Neral #15YearsLater #CrimeNewsRajasthan #BreakingNews #LatestNews
Girwa, Udaipur | Sep 18, 2026