*मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ*
*गुतलवाह में पशुपालकों से जनसंवाद, पशु चिकित्सा सेवाओं और योजनाओं की दी जानकारी*
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को विकासखंड शहपुरा के ग्राम गुतलवाह में जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुपालकों को विभागीय योजनाओं, पशु स्वास्थ्य सेवाओं एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. आर.एम. भूरमुदे ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के लाभार्थी श्री धनिराम साहू तथा मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के लाभार्थी श्री जागेश झारिया एवं श्री अनिरुद्ध गवले के घर पहुंचकर उनके पशुपालन व्यवसाय की जानकारी ली। पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित आहार, टीकाकरण, कृमिनाशक दवा एवं पशुपालन रखरखाव संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान पशु औषधालय गुतलवाह, पशु औषधालय अमरा एवं पशु चिकित्सालय शहपुरा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पशु औषधालय गुतलवाह में अतिरिक्त प्रभार में कार्यरत एवीएफओ को निर्धारित दिवसों में संस्था में उपस्थित रहकर लक्ष्यों की पूर्ति के निर्देश दिए गए तथा दवाओं के रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित को नोटिस जारी किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर पशुपालकों को योजनाओं की जानकारी दी गई। 10 पशुपालकों को केसीसी, 4 को बकरी पालन तथा 2 पशुपालकों को आचार्य विद्यासागर डेयरी पालन योजना संबंधी जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया। औषधि वितरण शिविर में 116 पशुपालकों को कृमिनाशक, क्लिनिंग एवं पाचन संबंधी दवाएं वितरित की गईं तथा 179 पशुओं का एचएस टीकाकरण किया गया। पशुपालकों को 1962 चलित पशु चिकित्सा इकाई की सुविधा की जानकारी भी दी गई।
*पशुपालकों की समस्याओं के निराकरण पर भी जोर*
कार्यक्रम के अंतर्गत यशस्वी संवाद के माध्यम से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया गया। ग्राम मरवारी की सुश्री हिमांशी एवं श्रीमती पुष्पलता झारिया सहित अन्य हितग्राहियों से संवाद स्थापित कर पुरानी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया गया। वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत श्री धनिराम साहू को 8.01 लाख की योजना की तीसरी किस्त का चेक प्रदान किया गया। उद्यम संवाद के दौरान पशुपालकों ने बताया कि हरियाणा नस्ल की मुर्रा भैंस से प्रतिदिन लगभग 10 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें प्रतिदिन करीब 1,000 से 2,000 तक अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए चारा बीज से पशुपालकों के पास पर्याप्त मात्रा में चारा भी उपलब्ध है।
#Jansampark #JansamparkMP #Dindori #DindoriMP #Jansamvad #JanVishwasAbhiyan #MukhyamantriJanVishwasAbhiyan #AnimalHusbandry #DairyFarming #LivestockDevelopment #FarmersWelfare #AnimalHealthcare #GovernmentSchemes #PublicWelfare #RuralDevelopment #MPGovernment #MadhyaPradesh #DindoriDistrict #JansamparkDindori #ViksitMadhyaPradesh
Dindori, Madhya Pradesh | Sep 12, 2026