हल्की बारिश ने खोली विकास की पोल: बदबूदार जलजमाव से त्रस्त श्रीखंडी भिट्ठा पूर्वी पंचायत, सैकड़ों लोग प्रभावित; डीएम से लगाई गुहार:
सुरसंड प्रखंड अंतर्गत श्रीखंडी भिट्ठा पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या 4, 8, 9 और 12 में हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गंदा और बदबूदार पानी गलियों और घरों के आसपास जमा होने से सैकड़ों लोग प्रभावित हैं। कई घरों के आंगन तक पानी पहुंच गया है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर सड़कें और गलियां पूरी तरह पानी में डूबी हुई हैं। तीन से चार वार्डों में आवागमन बुरी तरह प्रभावित है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण संक्रमण, खुजली एवं अन्य बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
सबसे अधिक खराब स्थिति वार्ड संख्या 4 की बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नालियों का गंदा पानी और शौचालयों (टॉयलेट) का गंदा एवं बदबूदार पानी भी गलियों में फैल रहा है और कई घरों के आसपास तक पहुंच रहा है। लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थिति से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष यही समस्या उत्पन्न होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो जनप्रतिनिधियों और न ही संबंधित विभाग के अधिकारियों ने कोई ठोस कदम उठाया।
पंचायत के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की है , यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात बढ़ने के साथ स्थिति और भी भयावह हो जाएगी।