"राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का गरिमामय समापन, विद्यार्थियों को पुस्तक संस्कृति से जुड़ने का दिया संदेश"
(परागपुर: वालिया)
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर, बलाहर में राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय विश्वविद्यालय ,पुस्तकालय एवं सूचना विभाग के अध्यक्ष प्रो. शिवराम राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय प्रो. श्रीनिवास बरखेडी के संरक्षण तथा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के पुस्तकालयाध्यक्ष महोदय डॉ.पी.एम. गुप्ता के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी के विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परिसर की सह-निदेशक प्रो. मंजुनाथ एस.जी. की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
समारोह के माध्यम से पुस्तकालयों की शैक्षणिक एवं बौद्धिक महत्ता, ज्ञान के संरक्षण तथा विद्यार्थियों में अध्ययन एवं पठन-पाठन की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने पुस्तकालय को ज्ञान, शोध एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए विद्यार्थियों को पुस्तकों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में विविध प्रतियोगिताओं में सम्मलित प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। इस प्रकार राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का समापन ज्ञान, अध्ययन एवं पुस्तक संस्कृति के महत्व के संदेश के साथ हुआ।
Dera Gopipur, Kangra | Nov 20, 2026