सांसद नवीन जिन्दल का लक्ष्य कुरुक्षेत्र को स्वच्छता में भी नंबर वन बनाना है: धर्मवीर सिंह
खिलाड़ी खेलों के साथ-साथ स्वच्छता का भी रखें ध्यान: धर्मवीर सिंह
सांसद खेल महोत्सव के बाद स्टेडियम में चलाया गया स्वच्छता अभियान
नवीन जिन्दल फाउंडेशन टीम के सदस्यों ने लिया हिस्सा
कुरुक्षेत्र, 4 नवंबर। सांसद खेल महोत्सव 2.0 के तहत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के बाद सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नवीन जिन्दल फाउंडेशन के सदस्यों के साथ मिलकर स्टेडियम परिसर में सफाई अभियान चलाया और खिलाड़ियों व उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर धर्मवीर सिंह ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का सपना कुरुक्षेत्र को विकास के साथ-साथ स्वच्छता के मामले में भी देश में नंबर वन बनाना है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से इस स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों के दौरान प्रतिदिन सफाई अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि खेल के मैदान के साथ-साथ आसपास का वातावरण भी स्वच्छ बना रहे।
धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल स्वच्छ कुरुक्षेत्र मिशन को लेकर गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। इसी दिशा में पिछले दिनों इंदौर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करने के लिए 35 सदस्यीय टीम भेजी गई थी। यह टीम इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी के मॉडल का अध्ययन कर रही है। टीम के सुझावों और अनुभवों के आधार पर कुरुक्षेत्र में भी प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था लागू करने की दिशा में जल्द ही कदम उठाए जाएंगे।
Thanesar, Kurukshetra | Nov 4, 2026