औरंगाबाद में ग्राम रक्षा दल की बैठक में प्रशिक्षण में आ रही बाधाओं पर मंथन, DPRO कार्यालय के घेराव का लिया निर्णय।
औरंगाबाद जिले में ग्राम रक्षा दल के जिला अध्यक्ष और जिले के 11 प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्षों की प्रस्तावित बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में प्रखंड अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में ग्राम रक्षा दल के भविष्य को लेकर गहन मंथन और विचार-विमर्श किया गया। साथ ही जिला पंचायती राज विभाग द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के नाम से निकाले गए प्रशिक्षण पत्र को लेकर क्षेत्र पदाधिकारी और स्वयंसेवकों को आ रही परेशानियों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण को लेकर BDO स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है, जिससे प्रशिक्षण प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस समस्या को कैसे दूर किया जाए, इस पर सभी प्रखंड अध्यक्षों के साथ विस्तार से बातचीत हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में ग्राम रक्षा दल के सदस्य जिला पंचायती राज पदाधिकारी (DPRO) के कार्यालय का घेराव करेंगे और प्रशिक्षण में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग करेंगे।
घेराव को सफल बनाने के लिए प्रत्येक प्रखंड में प्रखंड अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक कर अधिक से अधिक संख्या में ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को औरंगाबाद में जुटाने की रणनीति पर भी निर्णय लिया गया। घेराव की तिथि जल्द ही सभी सदस्यों की सहमति से तय कर सूचित की जाएगी।