रविवार दोपहर 2:30 बजे चकदही में अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटा ई-रिक्शा, बड़ा हादसा टला
संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के चकदही गांव में रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ई-रिक्शे में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा अचानक असंतुलित हो गया, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और रिक्शा सीधे गड्ढे में जा गिरा।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति और किनारे बने गहरे गड्ढों को दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।