# फुल्लीडुमर CHC परिसर में सुधा मिल्क पार्लर का उद्घाटन, डीएम ने अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
**बांका।**
बांका जिले में जनसुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सात निश्चय-2 योजना के तहत फुल्लीडुमर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नवनिर्मित सुधा होल डे मिल्क पार्लर का उद्घाटन जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
इस मौके पर विमुल (भागलपुर) के अध्यक्ष अशोक यादव, प्रबंध निदेशक डॉ. जितेंद्र कुमार और बांका डेयरी के विपणन प्रभारी के. झा मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि मिल्क पार्लर खुलने से स्थानीय लोगों और अस्पताल आने वाले मरीजों को निर्धारित दर पर शुद्ध सुधा दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
उद्घाटन के बाद डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, रजिस्ट्रेशन काउंटर, ओपीडी, आईपीडी, भव्या पोर्टल, एएनएम की स्थिति और आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा की। साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था और एंबुलेंस की उपलब्धता का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक ने अस्पताल की चारदीवारी और परिसर में नेटवर्क की समस्या से डीएम को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं, लेबर रूम के निरीक्षण के दौरान डीएम को जानकारी मिली कि वहां कुल आठ प्रसव हो चुके थे। उन्होंने प्रसव कक्ष और एनसी वार्ड में मौजूद प्रसूताओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
डीएम ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने, अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
**News banka 2:0**
Amarpur, Banka | Nov 10, 2026