स्कूलों के निरीक्षण में लापरवाही उजागर, अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश
माड़ा, कोयलखूथ और रजमिलान के विद्यालयों का जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण
सिंगरौली। जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली ने 22अक्टूबर 2026 को विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विकासखंड बैढ़न अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय धुमाड़ांड, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोयलखूथ तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजमिलान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कुछ विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति, दैनिक शिक्षक डायरी में कमियां और शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार की आवश्यकता सामने आई। इसके बाद संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
धुमाड़ांड में सभी शिक्षक मिले उपस्थित
प्राथमिक विद्यालय धुमाड़ांड के निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। बच्चों को वर्णमाला, अक्षर ज्ञान, गणित, गिनती और हिंदी की पुस्तक से पढ़ाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान बच्चों को अंग्रेजी पढ़ने में होने वाली कठिनाइयों पर चर्चा की गई और शिक्षकों को अंग्रेजी विषय पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
माड़ा विद्यालय में प्रार्थना सभा की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़ा में निरीक्षण के दौरान प्रार्थना सभा में ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था नहीं होने पर प्रभारी प्राचार्य को आगामी प्रार्थना सभा में इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कमजोर विद्यार्थियों के लिए निदानात्मक कक्षाएं संचालित करने तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अतिथि शिक्षक श्याम सुंदर शाह, आर.के. केवट तथा अनिल शाह अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित अतिथि शिक्षकों के मानदेय में कटौती के आदेश जारी किए गए।
कोयलखूथ में अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोयलखूथ में प्रभारी प्राचार्य श्रीमती किरण साकेत और श्री राम लल्लू देवास बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए। दोनों लोकसेवकों के तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए
अतिथि शिक्षक श्री कृष्णाकान्त वर्मा वर्ग–1, विनय कुमार तिवारी वर्ग–2, अंकित मिश्रा वर्ग–2 शाला से अनुपस्थित पाये गये। उक्त अनुपस्थित अतिथि शिक्षकों का मानदेय कटौती के आदेश जारी किये गये।
श्रीमती आरती वर्मा, नवीन माध्यमिक शिक्षक, शा.उ.मा.वि.कोयलखूँथ द्वारा हमारे शिक्षक एप्प पर उपस्थिति दर्ज न किये जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब चाहा गया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षक, दैनन्दनी का अवलोकन किया गया जिसमें अधिकतर शिक्षकों के शिक्षक दैनन्दनी अपूर्ण पाई गई जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित शिक्षकों को फटकार लगाते हुए प्रतिदिन दैनन्दनी लिखने हेतु निर्देशित किया गया।
शा.उ.मा.वि.रजमिलान निरीक्षण के दौरान अतिथि शिक्षक संदीप कुमार शाह वर्ग–2, श्रीमती रागिनी मिश्रा, वर्ग–2, पवन श्रीवास्तव वर्ग–3 अनुपस्थित पाये गये। उक्त अनुपस्थित अतिथि शिक्षकों का मानदेय कटौती के आदेश जारी किये गये।
जिला शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान देखने में आया कि विकास खण्ड स्तरीय अधिकारियों द्वारा निर्देश के बावजूद विद्यालय भ्रमण कर प्रतिवेदन जिला कार्यालय में प्रस्तुत नही किया जा रहा है जिस कारण भ्रमण में ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। अतः विकास खण्ड स्तरीय अमले को निर्देशित किया गया कि नियमित विद्यालयों का भ्रमण कर प्रतिवेदन जिला कार्यालय को प्रेषित करें।
संस्था प्रमुख/प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि संस्था में कार्यरत लोक सेवकों को समय से उपस्थित होने हेतु निर्देशित करें,शिक्षक दैनन्दनी संधारण विधिवत हो, निदानात्मक कक्षाओं का संचालन समय चक्र अनुसार हो, व्यावसायिक कक्षाओं का विधिवत संचालन किया जाय। आगामी भ्रमण में उक्त निर्देशों का पालन होना यदि नही पाया जाता संबंधितों के ऊपर कठोर कार्यवाही की जावेगी।