🟥 अवैध अतिक्रमण बना हादसों का कारण, हाईवा और कार में टक्कर— बाल-बाल बचा कर चालक
🟨 सड़क किनारे फैली निर्माण सामग्री से बढ़ रहा खतरा, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग,
सिंगरौली/देवसर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पूर्वी बाईपास पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वरिष्ठ अधिवक्ता संताराम वैश्य के घर के सामने हाईवा और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार दंपति बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवा क्रमांक MP 17 ZG 1447 एवं मारुति सुजुकी डिजायर कार क्रमांक MP 66 ZG 7521 के बीच साइड लेने के दौरान टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क किनारे फैली रेत, गिट्टी, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री के अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे वाहन चालकों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। यही वजह है कि यहां आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से अवैध रूप से निर्माण सामग्री का भंडारण किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाए और सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।
📍 #Singrauli #Devsar #sidhi