यूपी
चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में बाढ़ के हालात का जायजा लेने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। CM योगी ने मंदाकिनी नदी के आसपास बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वे राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदाकिनी नदी के जलग्रहण क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि "जलग्रहण क्षेत्र में अतिक्रमण गलत है।"
CM योगी के इस बयान को चित्रकूट के मंदाकिनी नदी के कैचमेंट एरिया में हुए अतिक्रमण पर सख्त संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालिया बाढ़ के बाद नदी के तटीय और जलग्रहण क्षेत्रों में हुए निर्माण और अतिक्रमण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब माना जा रहा है कि बाढ़ के कारणों की समीक्षा के साथ ही मंदाकिनी नदी के कैचमेंट एरिया में हुए अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर प्रशासन की कार्रवाई तेज हो सकती है।
चित्रकूट में आई बाढ़ ने रामघाट समेत नदी किनारे के कई इलाकों को प्रभावित किया है। ऐसे में मुख्यमंत्री का जलग्रहण क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर देना आने वाले दिनों में प्रशासनिक कार्रवाई का संकेत माना जा रहा है।