नया राशन कार्ड निर्गत करने के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार के घोषणा के आलोक में आज दिनांक 13.07.2026 को मुख्य सचिव, बिहार सरकार, के द्वारा विडियों काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से सभी जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। उक्त बैठक में नये राशन कार्ड का निर्माण कैम्प मोड में करने हेतु लक्ष्य एवं निदेश दिया गया। विदित है कि विभाग द्वारा पूर्व में संचालित आर.सी. ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पोर्टल को बंद कर भारत सरकार के SMART - PDS के RCMS Module को लागू कर दिया गया है। अब राशन कार्ड से संबंधित सभी नए आवेदन एवं उनका निष्पादन इसी पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। विडियों काॅन्फ्रेसिंग में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर, अनुमण्डल पदाधिकारी एवं आपूर्ति के प्रोजेक्ट इन्जिनियर एवं कार्यपालक सहायक भी उपस्थित थे।
उक्त बैठक में मुजफ्फरपुर जिला को नया राशन कार्ड निर्गमन हेतु कुल लक्ष्य 86175 तथा प्रत्येक दिन का लक्ष्य 2873 निर्धारित किया गया है। कुल लक्ष्य को दिनांक 13.08.2026 तक पूरा करने का निदेश दिया गया। इस संबंध में जिले में NFSA के अंतर्गत वर्तमान में 1096700 राशन कार्डधारी एवं 4120221 लाभार्थी है।
मुख्य सचिव, बिहार सरकार, के द्वारा विडियों काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से नया राशन निर्गमन सेे संबंधित दिये गये निदेश के आलोक में जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर द्वारा सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ विडियों काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक की गई। बैठक में सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को कैम्प मोड में काम करते हुए इस कार्य को ससमय पूर्ण करने हेतु विस्तृत निदेश दिया गया। सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा आवेदनों का नियमानुसार जाँच कर निष्पादन करते हुए निर्धारित दैनिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करेंगे। इस अभियान की नियमित माॅनिटरिंग करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने हेतु अनुमण्डल पदाधिाकारियों को भी निदेशित किया गया।
साथ ही इस विज्ञप्ति के माध्यम से आम नागरिकों से अपील की जाती है कि जो पात्र परिवार अभी तक राशन कार्ड से वंचित हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ उक्त शिविर में अथवा अपने प्रखण्ड कार्यालय में आवेदन दे सकते है अथवा ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते है।