एबेनेज़र सीनियर सेकेंडरी स्कूल, देवास में भारत सरकार के आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) अभियान के अंतर्गत "नेकी की दीवार" का शुभारंभ एवं हरित दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवास नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार (आईएएस) थे। आयुक्त महोदय ने "नेकी की दीवार" का शुभारंभ किया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण, संसाधनों के पुनः उपयोग एवं सामाजिक सेवा के महत्व पर प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
हरित दिवस के अंतर्गत कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लगभग 600 पौधे विद्यालय में लाकर परिसर को हरियाली से आच्छादित कर दिया। साथ ही "नेकी की दीवार" के माध्यम से उपयोग योग्य पुराने वस्त्र, पुस्तकें, खिलौने एवं अन्य आवश्यक सामग्री जरूरतमंदों तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया, जिससे सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री अशोक जोशी, प्राचार्य श्री प्रतीक मेहरुनकर, उप-प्राचार्या सुश्री नीरू पाण्डेय एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री गौरव देवरे ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सेवा भावना को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे समाजोपयोगी एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
#dewas #ebenezer #hellodewas