चेनारी में ग्रामीण पथ किनारे अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी, गोली मारकर हत्या की आशंका।
रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग से सबराबाद से तेलारी जाने वाली ग्रामीण सड़क पर सोमवार अहले सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष कल्पना सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।