आज जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला मूल्यांकन समिति-सह-अध्यक्ष, जिला स्कोर कमेटी, बांका की अध्यक्षता में निबंधन विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सरकारी भूमि को रोक सूची में शामिल करने, भूमि के वर्गीकरण के अनुरूप मूल्यांकन तथा निबंधन कार्यालय में आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि गैरमजरूआ आम, गैरमजरूआ खास, वन भूमि तथा अन्य सरकारी भूमि को यथाशीघ्र रोक सूची में शामिल किया जाए, ताकि ऐसी भूमि के निबंधन पर नियमानुसार रोक सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रकार की भूमि के रकबा का समेकित योग संपूर्ण जिले के कुल रकबा के बराबर होना चाहिए। इस संबंध में आंकड़ों का समुचित मिलान एवं सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि निबंधन विभाग द्वारा निर्धारित भूमि की सभी श्रेणियों के वर्गीकरण के अनुरूप भूमि का मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निबंधन कार्य में निर्धारित मानकों का अनुपालन हो सके।
इसके अतिरिक्त, निबंधन कार्यालय में टोकन प्रणाली को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा प्रतीक्षालय में आमजनों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि निबंधन कार्यालय आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनके कार्यों का निष्पादन सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
24 views | Banka, Bihar | Oct 13, 2026