न्यूज़ देशआदेश
वोट के अधिकार से छेड़छाड़ लोकतंत्र पर हमला : सीटू और हिमाचल किसान सभा ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला
___________________________
पांवटा साहिब में SIR प्रक्रिया वापस लेने की मांग, मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का ऐलान
पांवटा साहिब। सीटू जिला सिरमौर और हिमाचल किसान सभा ने आज पांवटा साहिब में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने SIR प्रक्रिया वापस लेने, मतदाता सूचियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में सीटू और हिमाचल किसान सभा के लगभग पांच दर्जन कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार ने कहा कि वोट देने का अधिकार लोकतंत्र की बुनियादी ताकत है। लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती हैं, इसलिए मतदाता सूचियों में किसी भी प्रकार की अपारदर्शिता और पात्र नागरिकों के नाम हटाए जाने की आशंका गंभीर चिंता का विषय है। चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है कि वह निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम करे तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करे।
आशीष कुमार ने कहा कि SIR के नाम पर मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में यदि किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटाया जाता है, तो यह उसके लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करेगा। गरीबों, मजदूरों, किसानों और आम नागरिकों को किसी भी स्थिति में मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और भेदभाव रहित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता पर जनता का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। चुनाव आयोग को किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर काम करना चाहिए। मतदाता सूचियों की समीक्षा के दौरान सभी पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखने और किसी भी त्रुटि को दूर करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जानी चाहिए।
आशीष कुमार,गुरविंदर सिंह ,तरसेम सिंह सग्गी, ने मांग की कि SIR प्रक्रिया को तत्काल वापस लिया जाए, मतदाता सूचियों की पारदर्शी समीक्षा सुनिश्चित की जाए तथा यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो उसे तत्काल बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि सीटू और हिमाचल किसान सभा, संयुक्त किसान यूनियन मजदूरों, किसानों तथा आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगी।
प्रदर्शन में सीटू जिला महासचिव एवं उपाध्यक्ष, आशीष कुमार , इंदु तोमर, हिमाचल किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष तरसेम।सिंह सग्गी सीटू जिला सचिव देव कुमारी, माया, अंजू, गोपी, जीवन सिंह, विजय सहित सीटू और हिमाचल किसान सभा के लगभग पांच दर्जन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीटू और हिमाचल किसान सभा ने स्पष्ट किया कि मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की रक्षा है और इस अधिकार के साथ किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नही की जाएगी
Paonta Sahib, Sirmaur | Oct 10, 2026