चाईबासा: जिले में 5 केंद्रों पर रक्तदान शिविर का आयोजन, 285 यूनिट रक्त संग्रह
-91 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण
-सदर अस्पताल के मरीजों को मरजज ड्रेस की व्यवस्था का शुभारंभ
चाईबासा: "प्रोजेक्ट जागृति: बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम" के तहत जिले के पांच स्वास्थ्य केंद्रों में आज रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कुल 285 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। सदर अस्पताल चाईबासा में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तवीरों को किया सम्मानित किया गया। इसके साथ ही निक्षय मित्र अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री का वितरण, महिला वार्ड में मरीज यूनिफॉर्म व्यवस्था का शुभारंभ और नवजात बच्चों का जन्म प्रमाणपत्र का वितरण किया गया। सदर अस्पताल परिसर में आयोजित रक्तदान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर, उपायुक्त मनीष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं को समाज के वास्तविक नायक बताते हुए कहा कि उनका यह योगदान अनेक लोगों के जीवन को बचाने में सहायक बनेगा। रक्तदान करने वाले सभी "रक्तवीरों" को उनके मानवीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, टी-शर्ट एवं कॉफी मग प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सीय आवश्यकता की पूर्ति नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई परिवारों के जीवन में आशा और खुशियाँ ला सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील किया कि रक्तदान को सामाजिक आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाए ताकि किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में कठिनाई का सामना न करना पड़े। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट जागृति का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना तथा जनसहभागिता को सशक्त करना है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति हमारी संवेदनशीलता, कर्तव्यबोध और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक है। युवा वर्ग में रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता एक सकारात्मक संकेत है।
इस अवसर पर निक्षय मित्र अभियान के अंतर्गत गोद लिए गए 91 टीबी मरीजों के बीच द्वितीय माह का पोषाहार पैकेट वितरित किया गया। अधिकारियों ने टीबी उन्मूलन को राष्ट्रीय प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उपचार के साथ-साथ पौष्टिक आहार भी मरीजों के स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निक्षय मित्रों द्वारा प्रदान की जा रही सहायता न केवल मरीजों के पोषण स्तर में सुधार ला रही है, बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाने का कार्य कर रही है। जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो द्वारा 5 नए टीबी मरीजों को गोद लेते हुए उनके बीच पोषण सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों द्वारा सदर अस्पताल स्थित महिला वार्ड का निरीक्षण किया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण नवाचार के रूप में भर्ती मरीजों को मरीज यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती मरीजों की पहचान को सुव्यवस्थित करना, संक्रमण नियंत्रण को बेहतर बनाना, स्वच्छता मानकों को सुदृढ़ करना तथा मरीजों को गरिमापूर्ण एवं समान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही 3 नवजात शिशुओं का जन्म प्रमाण पत्र जारी करते हुए परिवारजन को उपलब्ध कराया गया।