श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन, खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का समापन गुरुवार की शाम 4:00 बजे हो गया, जो 28 सितंबर से प्रारंभ हुई थी। इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न खेल मैदानों पर अंडर-14, 17 एवं 19 बालक तथा बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह, खेल भावना और कौशल का परिचय दिया। संपूर्ण प्रतियोगिता का सफल संचालन एवं आयोजन अध्यक्ष-सह-जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन तथा जिला खेल पदाधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन रग्बी (बालक/बालिका), ताईक्वांडो (बालिका) तथा अंडर-14 बालक क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले खेले गए। एथलेटिक्स और रग्बी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में खिताबी जीत हासिल की। एथलेटिक्स की अंडर-14 बालिका वर्ग में लम्बी कूद स्पर्धा में +2 जे०एस०पी०एस० लछूआड़ की राज नन्दीनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि ई०एम०आर०एस० झाझा की पुष्पा बेसरा उप-विजेता रहीं।
वहीं डिस्कस थ्रो स्पर्धा में एस०ए०वी० सिमुलतल्ला की गायत्री कुमारी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया और जे०एस०पी०एस० लछूआड़ की खुशी कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं शॉट पुट में +2 जनता उच्च विद्यालय अलीगंज सोनखार की अनोखी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और कन्या मध्य विद्यालय खैरा की राधिका यादव उप-विजेता बनीं।
रग्बी के विभिन्न वर्गों में ओ० पी० एस० जमुई का दबदबा देखने को मिला। बालिका रग्बी अंडर-14 में +2 एस० एस० गर्ल्स हाई स्कूल ने खिताबी जीत दर्ज की, जबकि ओ० पी० एस० जमुई उप-विजेता रहा। रग्बी अंडर-17 बालिका वर्ग में ओ० पी० एस० जमुई ने पहला स्थान प्राप्त किया और टी० आर० नारायणन जमुई की टीम उप-विजेता बनी। रग्बी अंडर-19 बालिका वर्ग में भी ओ० पी० एस० जमुई ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
बालक वर्ग की रग्बी स्पर्धाओं में अंडर-14 वर्ग में ओ० पी० एस० जमुई ने पहला स्थान हासिल किया और मनी दीप एकेडमी जमुई उप-विजेता रही। अंडर-17 बालक रग्बी में टी० आर० नारायणन जमुई ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि मनी दीप एकेडमी जमुई की टीम दूसरे स्थान पर रही। बालक अंडर-19 रग्बी के फाइनल मुकाबले में ओ० पी० एस० जमुई ने जीत दर्ज की और टी० आर० नारायणन जमुई उप-विजेता रहा।
चार दिनों तक चली इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खेल विभाग के अधिकारियों ने सभी विजेता व उप-विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। #jamui #jamuitopnews #khelvibhag
Jamui, Jamui | Oct 2, 2026