#हरदोई में कैंटीन संचालक से लूट का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ में एक बदमाश घायल*
**हरदोई।** कोतवाली देहात क्षेत्र में कैंटीन संचालक से हुई लूट की वारदात का हरदोई पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1 लाख 45 हजार 730 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित दो बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
8 नवंबर की रात हुई थी लूट की वारदात
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 10:26 बजे राजेश कुमार सिंह पुत्र हरीकरण सिंह निवासी आशानगर, थाना कोतवाली देहात अपने कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल से हरियावां से हरदोई आ रहे थे। इसी दौरान पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात युवकों ने सुरजीत कुमार के पास मौजूद नकदी से भरा बैग लूट लिया और पिहानी रोड की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
खुलासे के लिए गठित की गई थीं तीन पुलिस टीमें
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लुटेरों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सर्विलांस, एसओजी, स्वाट और कोतवाली देहात पुलिस की टीमें लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थीं। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर नयागांव मोड़ पर घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 12 और 13 नवंबर की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार युवक दो मोटरसाइकिलों से हरियावां की ओर से पोखरी तिराहे की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नयागांव मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। एक बाइक पर तीन युवक और दूसरी बाइक पर एक युवक सवार था। पुलिस को देखकर आरोपियों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने एक बाइक पर सवार तीन युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरी बाइक से भाग रहे युवक का पीछा किया।
पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने पर बाइक सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विजेंद्र पुत्र भभूति निवासी रिक्खापुरवा, थाना कोतवाली देहात के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है—
1. विजेंद्र पुत्र भभूति, निवासी रिक्खापुरवा, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 20 वर्ष।
2. शोभित पुत्र वीरेंद्र, निवासी ग्राम उतरा, थाना हरियावां, उम्र करीब 19 वर्ष।
3. अंकुल पुत्र ओमप्रकाश, निवासी रिक्खापुरवा, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 19 वर्ष।
4. गंगेव पुत्र सुरेंद्र, निवासी रिक्खापुरवा, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 18 वर्ष।
नकदी, मोबाइल और दो मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की घटना में इस्तेमाल हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल नंबर यूपी30सीएच 7438 और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल नंबर यूपी30बीजे 6294 बरामद की है।
इसके अलावा 1,45,730 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस जुटा रही आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है।
Khaga, Fatehpur | Nov 22, 2026