*होटल संचालकों की लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस एक्शन मोड में।*
*जिला में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से होटल, गेस्ट हाउस और लॉज की लगातार की जा रही है जांच।*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला यमुनानगर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने निर्देशानुसार जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से होटल, गेस्ट हाउस और लॉज की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी होटल संचालक अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा रिकॉर्ड रखें और उसे ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि कई मामलों में देखा गया है कि होटल संचालक बिना आईडी प्रूफ के ही लोगों को कमरे दे देते हैं, जो कानूनन गलत है और इससे अपराधियों को छिपने का मौका मिल सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी संचालक नियमों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में होटल चेकिंग अभियान जारी है। इस दौरान पुलिस टीमों ने कई होटलों में रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरे, और ग्राहकों के दस्तावेजों की जांच की।
जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने होटल संचालकों से अपील की कि वे कानून का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस की इस सख्ती को आम लोगों की सुरक्षा के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
Ambala, Ambala | Sep 6, 2026