खेल के मैदान से नशे के खिलाफ संदेश, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बोले- युवा देश का भविष्य
नमो क्रिकेट लीग के समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, विंटेज कार में सवार होकर स्टेडियम में किया अभिवादन
पंचकूला 4 अक्टूबर : सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को नमो क्रिकेट लीग का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में केंद्रीय विद्युत और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विंटेज कार में सवार होकर पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया और दर्शकों व खिलाड़ियों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुई नमो क्रिकेट लीग को खेल के साथ नशे के खिलाफ अभियान के रूप में आगे बढ़ाया गया। खेल युवाओं में उमंग और उत्साह भरता है, लेकिन जब इसी मंच से नशे के खिलाफ संदेश दिया जाता है तो इसका महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा आयोजन है, जिसे तरुण भंडारी ने आयोजित करके दिखाया है। योग्यता के आधार पर युवाओं को आगे बढ़ाने की बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने युवाओं के हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 'मिशन मेरिट' चलाया और 'बिना पर्ची, बिना खर्ची' योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी देने की व्यवस्था की।
*लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों में बढ़ी युवाओं की संख्या*
श्री मनोहर लाल ने कहा कि आज कोचिंग सेंटरों में युवाओं की भीड़ है और पढ़ने के लिए बच्चे आगे आ रहे हैं। पहले जिन लाइब्रेरियों की ओर कोई ध्यान नहीं देता था, आज वहां बैठने तक की जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर माहौल देने के लिए हर जिले, शहर और गांव में लाइब्रेरी खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी है। खेल इसके लिए प्रभावी माध्यम है।
नशे के खिलाफ सामूहिक मुहिम की जरूरत
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब में भी नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नशे को कोई एक व्यक्ति अकेले खत्म नहीं कर सकता। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर अभियान चलाना होगा। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
नमो क्रिकेट लीग को आयोजकों द्वारा युवाओं को खेल से जोड़ने और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया । लीग में 'क्रिकेट को हां, नशे को ना' का संदेश दिया गया और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
Panchkula, Panchkula | Oct 4, 2026