बिहार में शराबबंदी पर फिर उठे सवाल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने छेड़ी नई बहस
बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सुबह और शाम के समय शराब से भरे कार्टनों को ट्रेन के कोच के नीचे कपलिंग के पास बांधकर दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाया जाता है।
वायरल दावे के अनुसार, फतुहा–बांका घाट रेलखंड और पटना–मोकामा रेलखंड पर कथित तौर पर अलार्म चेन पुलिंग कर बीच रास्ते में शराब के कार्टन उतारे जाते हैं। कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि इस अवैध कारोबार को स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद राज्य के विभिन्न जिलों से लगातार शराब की बरामदगी की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में यह वायरल वीडियो एक बार फिर शराबबंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
महत्वपूर्ण सूचना: यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बिहार दस्तक इस वीडियो में किए गए दावों अथवा इसकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही तथ्यों की पुष्टि संभव होगी।
Bihar, India | Jul 13, 2026