हरदोई में लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, चार गिरफ्तार; 1.45 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल और अवैध असलहे बरामद
हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र में दीपावली की रात हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सर्विलांस, एसओजी, स्वाट और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,45,730 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 10:26 बजे राजेश कुमार सिंह अपने कैंटीन संचालक साथी सुरजीत कुमार के साथ मोटरसाइकिल से हरियावां से हरदोई आ रहे थे। पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे पीछे से आए तीन अज्ञात बाइक सवारों ने सुरजीत कुमार के पास मौजूद नकदी का बैग लूट लिया और पिहानी रोड की ओर फरार हो गए।
मामले में राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 546/26 धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, एसओजी, स्वाट और कोतवाली देहात पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 12 और 13 नवंबर की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल चार व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों से हरियावां से पोखरी तिराहे की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नयागांव मोड़ के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान सामने से दो मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी विजेंद्र पुत्र भुमती निवासी रिखवापुरवा, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 20 वर्ष गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के नाम शौभित पुत्र वीरेंद्र निवासी उत्तरा, थाना हरियावां, उम्र करीब 19 वर्ष; अंकुल पुत्र ओमप्रकाश निवासी रिखवापुरवा, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 19 वर्ष; गंगवे पुत्र सुरेंद्र निवासी रिखवापुरवा, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 18 वर्ष तथा मुठभेड़ में घायल विजेंद्र पुत्र भुमती बताए हैं।
1.45 लाख रुपये और असलहे बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल, 1,45,730 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई में कोतवाली देहात पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
Bilgram, Hardoi | Nov 13, 2026