फार्मासिस्ट एसोसिएशन कार्यकारिणी का विस्तारः बैठक में जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर विमर्श
अवैध रूप से चल रहे मेडिकल स्टोरों को बंद कराने की मांग
बस्ती । अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन ‘एबीपीए’ जिला कार्यकारिणी के एक वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को मण्डलीय कार्यालय (रेड स्टार हॉस्पिटल) पर विशेष समीक्षा व रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक मण्डल अध्यक्ष प्रमेन्द्र कुमार के संयोजन में तथा जिलाध्यक्ष गिरिजेश सेन की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से वर्तमान समस्त पूर्ण कार्यकारिणी द्वारा पिछले एक वर्ष में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए उन्हें पुनः अग्रनीत (विस्तारित) किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इस अवसर पर संगठन के सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने तथा जनपद में स्थानांतरित होकर आए नए औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार व औषधि अनुज्ञापन अधिकारी श्रीमती दीपा लाल से शिष्टाचार भेंट करने की रूपरेखा तय की गई। बैठक में पूर्व ड्रग इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार की विदाई कार्यक्रम का भी उल्लेख किया गया, जिन्होंने संगठन और बस्ती के फार्मासिस्टों के अनुशासन की सराहना की थी।
बैठक के दौरान फार्मासिस्टों और जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न गंभीर मुद्दों पर गहन मंथन हुआ, जिसमें मुख्य रूप से अवैध मेडिकल स्टोरों के संचालन पर पूर्णतः रोक लगाने, राज्य सरकार द्वारा नए फार्मासिस्ट कैडर का पुनर्गठन तत्काल प्रभाव से लागू करवाने। ‘श्फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन’ को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कराने। कफ सिरप की बिक्री से जुड़े नए कड़े प्रावधानों और व्यावहारिक दिक्कतों पर पुनर्विचार करने सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से मंडल उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, जिला सचिव अजय चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी धर्मनाथ, जिला सलाहकार श्याम मोहन चौधरी, धर्मेन्द्र कुमार, अश्वनी चौधरी, पवन रौनियार, विजय कुमार, वीरेन्द्र चौधरी सहित जनपद के अनेक फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।
Basti, Basti | Jun 27, 2026