अररिया, 27 अगस्त 2026
समाहरणालय, अररिया स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित अभियोजन कार्यों एवं लंबित कांडों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान लोक अभियोजक, सभी सहायक लोक अभियोजक, सभी विशेष लोक अभियोजक, जिला अभियोजन पदाधिकारी एवं सभी सहायक अभियोजन पदाधिकारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों से विभिन्न कांडों की अद्यतन स्थिति, न्यायालयों में चल रहे मामलों तथा अभियोजन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी कांडों का गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अभियोजन कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने, संबंधित मामलों में आवश्यक साक्ष्यों एवं अभिलेखों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा न्यायालय में मामलों की प्रभावी पैरवी पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों के गुणवत्तापूर्ण अभियोजन से पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने में सहायता मिलती है। अतः सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियोजन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अररिया, डीएसपी मुख्यालय सहित संबंधित पुलिस एवं अभियोजन पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
3 views | Araria, Bihar | Aug 27, 2026