बयाना में निर्दलीय पार्षद पर लाठी-डंडों से हमला, पैर में फ्रैक्चर; भरतपुर रेफर
लाल दरवाजा मोहल्ले में रात हुई घटना, मारपीट का वीडियो आया सामने; दोनों पक्षों ने दर्ज कराए मामले
बयाना
बयाना। कस्बे के लाल दरवाजा मोहल्ले में रात करीब 10 बजे निर्दलीय पार्षद के साथ लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। वार्ड 18 के पार्षद महेंद्र बंशीवाल पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके दाएं पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भरतपुर रेफर किया गया। घटना का वीडियो सोमवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वीडियो में तीन-चार लोग पार्षद महेंद्र बंशीवाल के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
महिलाओं पर गलत इशारे करने से शुरू हुआ विवाद
पार्षद के भतीजे मदनलाल ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के शेरसिंह के परिवार के कुछ युवक महिलाओं को घूर रहे थे और गलत इशारे कर रहे थे। इस पर उनके चाचा महेंद्र बंशीवाल और उन्होंने युवकों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शेरसिंह, मोहन सिंह, संजय, रामकिशन, बीपी सिंह, अनिल और अनूप सहित 12 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।
मदनलाल के अनुसार आरोपियों ने पार्षद के पैरों पर कई बार वार किए, जिससे उनका दायां पैर फ्रैक्चर हो गया। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
वहीं दूसरे पक्ष के शेरसिंह ने आरोप लगाया कि मदनलाल पक्ष के कुछ लोग शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस संबंध में उन्होंने महेंद्र, मदनलाल और दिनेश कुमार सहित अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दी है।
दोनों पक्षों के खिलाफ मामले दर्ज
कोतवाली थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि लाल दरवाजा मोहल्ले में वार्ड 18 के निर्दलीय पार्षद महेंद्र बंशीवाल के साथ मारपीट हुई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच टाउन चौकी प्रभारी को सौंपी गई है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
#bayana #bharatpurnews #viralreelsシ
Tonk, Tonk | Nov 10, 2026