3 लाख 51 हजार राई के दानों से बनाया अशोक अरोरा का अनोखा पोर्ट्रेट, नीमच के युवा कलाकार धीरज अहीर का कमाल
नीमच जिले के गांव बमोरी के युवा चित्रकार धीरज अहीर ने अपनी अनोखी कला से लोगों को हैरान कर दिया है। धीरज ने रंग और ब्रश का इस्तेमाल किए बिना महज 3 लाख 51 हजार राई के बारीक दानों से नीमच के प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर का विशाल पोर्ट्रेट तैयार किया है। इस सूक्ष्म कलाकृति को पूरा करने में धीरज को करीब 15 दिनों तक लगातार मेहनत और एकाग्रता के साथ काम करना पड़ा।
राई के एक-एक दाने को बेहद सावधानी से चिपकाकर तैयार किए गए इस पोर्ट्रेट को देखने वाले इसकी बारीकी और कलात्मकता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। खास बात यह है कि धीरज को यह अनोखा हुनर अपने पिता से विरासत में मिला है, जो स्वयं भी कलाकार हैं। पिता के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से धीरज ने सूक्ष्म कला में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
शनिवार को धीरज अहीर ने अपनी इस अनूठी कलाकृति को समाजसेवी अशोक अरोरा को भेंट किया। धीरज का कहना है कि यह उनकी कला की शुरुआत है और वे भविष्य में अपनी इस प्रतिभा के माध्यम से नीमच जिले और मध्यप्रदेश का नाम देश-दुनिया में रोशन करना चाहते हैं। छोटे से गांव से निकलकर बिना रंग-ब्रश के राई के दानों से बनाई गई यह कलाकृति क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।