क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में 'युवा संगम कार्यक्रम' के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। यह वृहद आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शाहपुर नगर परिषद के अध्यक्ष रोहित विक्की नायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि उनके कौशल विकास की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष नितिन महतो ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि महाविद्यालय में रोजगार मेले का यह आयोजन छात्र-छात्राओं को स्वावलंबी बनाने का एक बेहतरीन माध्यम है। मेरी युवाओं से यही अपील है कि वे अपने कौशल को निखारें और यहां आई कंपनियों के माध्यम से अपने करियर को एक नई दिशा दें। इसके पश्चात, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला रोजगार अधिकारी श्री श्याम किशोर धुर्वे ने कार्यक्रम की रूपरेखा और इसके दूरगामी उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय शाहपुर की प्राचार्य नीतू जायसवाल माहोरे ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महाविद्यालय परिसर में इस वृहद रोजगार मेले का आयोजन हमारे छात्र-छात्राओं के लिए एक अत्यंत लाभकारी अवसर है। किताबी ज्ञान के साथ-साथ रोजगार के ऐसे व्यवहारिक अवसर सुलभ कराना समय की मांग है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 12 नियोक्ता दाता कंपनियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ एवं लगभग 270 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर लगभग 105 विद्यार्थियों ने पंजीयन किया, जिसमें से 53 विद्यार्थी विभिन्न फर्मों के लिए प्रारंभिक रूप से चयनित हुए मेले में 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों से लेकर आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा और स्नातक डिग्रीधारी युवक-युवतियों ने बड़ी संख्या में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मेले में विभिन्न फर्मों और कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के पश्चात चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लेटर नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
रोजगार के अवसरों के अतिरिक्त, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उचित मार्गदर्शन के लिए विशेषज्ञ 'करियर काउंसलिंग सत्र' आयोजित किए गए। साथ ही, आयोजन स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस विशेष अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की योजनाओं से लाभान्वित सफल हितग्राहियों को सम्मानित करते हुए उन्हें मंच से प्रमाण पत्र वितरित किए गए।