17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, मुजफ्फरपुर में जिला कार्यशाला आयोजित
भारतीय जनता पार्टी मुजफ्फरपुर (पूर्वी) ने शनिवार को रहूआ स्थित इमली चौक के रामकिशोरी विवाह भवन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं संवैधानिक पदों पर 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष (पूर्वी) विवेक कुमार ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक मनोज तिवारी ने किया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व मेयर एवं जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मनोज शर्मा, पूर्व मंत्री रामसूरत राय और जिला अध्यक्ष विवेक कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के नेतृत्व को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उनका सफर सेवा, सुशासन और विकास का प्रतीक रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) जैसी योजनाओं ने गरीबों और जरूरतमंदों के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है। साथ ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों को भी ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया गया।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले भर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी नरेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव, जिला महामंत्री रविशंकर कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
Musahri, Muzaffarpur | Sep 5, 2026