बूंटीनाथपुरा में सोलर लाइन के विरोध में खंभों पर चढ़े किसान, पुलिस पहरे में पोल रोपने का आरोप
डीडवाना जिले के बूंटीनाथपुरा से कालोली तक प्रस्तावित 33 केवी सोलर लाइन परियोजना को लेकर किसानों का विरोध और उग्र होता जा रहा है। किसानों ने कंपनी पर बिना - मुआवजा दिए जबरन पोल रोपने का आरोप लगाते हुए खंभों पर चढ़कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि कंपनी कर्मियों ने लापरवाही बरतते हुए चालू विद्युत लाइन पर तार टांककर कार्य अधूरा छोड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई। वहीं एक घर की सर्विस लाइन पर खुले तार छोड़ने से करंट लगने के कारण - किसान की बकरी घायल हो गई। महीने में तीसरी बार हुई इस तरह की घटना के बाद डिस्कॉम कर्मचारियों के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
पुलिस मौजूदगी में दूसरे क्षेत्र में गड्डे खोद पोल लगाने का काम शुरू किया।किसानों के अनुसार सोमवार रात कंपनी ने 3 से 4 थानों की पुलिस मौजूदगी में दूसरे क्षेत्र में करीब 10 फीट गहरे गड्ढे खोदकर पोल लगाने का काम शुरू किया। इसका महिलाओं सहित ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। आक्रोशित युवा व किसान खंभों पर चढ़ गए और कंपनी व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना स्थल पर किसान सभा के जिलाध्यक्ष भागीरथ नेतड़, उदाराम चौकी, कानाराम बिजारणियां, शुभम, दारा सिंह, अर्जुन रणवा सहित कालोली, चावण्डिया व बूंटीनाथपुरा के कई किसान जुटे। किसानों ने पीड़ित भू-स्वामियों को उचित मुआवजा दिलाने, लापरवाह कंपनी पर कार्रवाई करने और चालू लाइनों पर जोखिमपूर्ण काम तुरंत रोकने की मांग की है।
Didwana, Nagaur | Oct 7, 2026